जिलाधिकारी की पहल पर जिले के 15 प्रखंडो में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड का हुआ निबंधन ।
सीतामढ़ी: जिलाधिकारी द्वारा जिले के किसानों की आय में वृद्धि को लेकर किए जा रहे विभिन्न प्रयासों का सकारात्मक परिणाम दिखाई पड़ने लगा है। जिले के 17 में से 15 प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड का निबंधन किया जा चुका है शेष 2 प्रखंडों में भी निबंधन की कार्यवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी के विशेष निर्देश पर बेलसंड एवं रुनीसैदपुर में किसानों से सब्जी खरीदने का कार्य भी शुरू किया जा चुका है। किसानों के चेहरे पर इसकी खुशी सहज रूप से देखी जा सकती है। निश्चित रूप में जिले के किसानों की आय में वृद्धि में मील का पत्थर साबित होगा।
गौरतलब हो कि बिहार राज्य के सब्जी उत्पादकों के द्वारा उपजाई गई सब्जी का लाभकारी मूल्य प्रदान करने तथा आम जनता को भी सब्जी की सही मूल्य पर सुलभता प्रदान करने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा सहकारिता विभाग के माध्यम से बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं वितरण योजना प्रारंभ की गई है।
जिलाधिकारी की विशेष पहल पर इस योजना को जिले के सभी प्रखंडो में धरातल पर उतारने को लेकर तेजी से कार्य किये जा रहे है। सभी प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड का गठन एवं उसे क्रियाशील करने हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा लगातार समीक्षा की जा रही है।
जिले के 17 प्रखंडों में से 15 प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड का निबंधन किया जा चुका है तथा शेष 2 प्रखंडों में भी निबंधन की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर रुन्नीसैदपुर तथा बेलसंड प्रखंड में जिला सहकारिता पदाधिकारी सीतामढ़ी द्वारा सब्जी उत्पादक सहयोग समिति के सदस्य किसानों से सब्जी की खरीद की करवाई को हरी झंडी दिखाकर प्रारंभ कर दी गई है,जिससे किसानों में काफी खुशी व्याप्त है।
रुन्नीसैदपुर एवम बेलसंड में सब्जी उत्पादक सहयोग समिति के माध्यम से सब्जी की खरीद शुरू।
रुन्नीसैदपुर प्रखंड सब्जी उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड के अध्यक्ष श्री सुजीत राज ने बताया कि उनके समिति के सब्जी उत्पादक सदस्य अपनी सब्जी की बिक्री के पश्चात उचित मूल्य मिलने से काफी खुश हैं। रुन्नीसैदपुर में 85 लाख रुपये से भी अधिक की सब्जी किसानों से खरीदी जा चुकी है। जिला पदाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी तथा जिला सहकारिता पदाधिकारी को जिले के सभी सब्जी उत्पादक सहयोग समितियों को तत्काल उर्वरक बीज तथा कीटनाशक की अनुज्ञप्ति प्रदान करने का भी निर्देश दिया ताकि किसान और बेहतर तरीके से सब्जी का उत्पादन कर खुशहाल हो सके।
जिलाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी एवम जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि शेष सभी प्रखंडो में सब्जी उत्पादक सहयोग समिति को शीघ्र ही क्रियाशील कर सब्जी उत्पादक किसानों के उत्पाद की पूरी सहजता के साथ खरीद करें ताकि उनकी उपज का सही मूल्य मिल सके एवम उनकी आय में वृद्धि हो सके।




