कुल 65238 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे.
सीतामढ़ी: जिले में विभिन्न प्रखंडों के कुल 44 पैक्सो के लिए अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए सोमवार को मतदान होगा। हालांकि चुनाव के लिए कुल 55 पैक्स में अधिसूचना जारी हुई थी मगर उनमें से 11 पैक्स में या तो निर्विरोध निर्वाचन हो चुके हैं या कोरम के अभाव में वहां मतदान नहीं होगा। इस बार मतदान के लिए कुल 65238 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
पैक्स चुनाव 2021 में स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण एवम भयरहित मतदान संपन्न करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने अपने संयुक्त आदेश के तहत जिले के तेज तर्रार अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सेक्टर दंडाधिकारियों एवं जोनल दंडाधिकारियों सहित अन्य पदाधिकारियों के रूप में किया है।
कल सोमवार 15 फरवरी को सुबह 6.30 बजे से अपराह्न 4.30 बजे तक होगा मतदान..
पैक्स चुनाव मतदान दिनांक 15 फरवरी, 2021 को पूर्वाहन 6:30 बजे से अपराहन 4:30 बजे तक जिले के कुल 15 प्रखंडों में संपन्न किया जाना है। पैक्स चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी प्रखंड अंतर्गत पड़ने वाले निर्वाचन क्षेत्रों को 44 सेक्टर में विभक्त कर कुल 88 सेक्टर दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी सेक्टर दंडाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्र में जाकर चुनाव प्रबंधन का सफल व्यवस्था करेंगे।
समाहरणालय में स्थापित किया गया जिला नियंत्रण कक्ष..
पैक्स चुनाव को शांतिपूर्वक, स्वच्छ एवं निष्पक्ष संपन्न कराने हेतु कुल निर्वाचन क्षेत्रों को 17 जोन में विभक्त कर प्रत्येक जोन में जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। 98 गश्ती सह संग्रहण दल की प्रतिनियुक्ति की गई। मतदान के दिन मतदान की पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखने हेतु समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष नंबर 06226-250-316 है।
सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम..
जिलाधिकारी द्वारा जोनल दंडाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी जोनल दंडाधिकारी संबंधित प्रखंड क्षेत्र/थाना क्षेत्र में स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न करवाने हेतु स्ट्राइकिंग बल के रूप में कार्य करेंगे। मतदान केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। साथ ही मतगणना केंद्रों पर भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध किया गया है।





